रिपोर्टर : आकाश कुमार

आरा : भोजपुर जिले में अवैध बालू खनन से जुड़े माफिया के घर तलाशी और गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार की देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान कोईलवर थाना क्षेत्र  के परचरूखिया कला गांव स्थित एक बालू माफिया के घर से करीब साढ़े उन्नीस लाख रुपये नकद , 25 कारतूस तथा सोने का आभूषण बरामद किया गया।

हालांकि, धंधेबाज पुलिस के हाथ नहीं लगे। इसे लेकर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी की है। जिसमें अंकित पांडेय को आरोपित किया गया है। बताते चलें की अंकित पांडेय पहले से कमालुचक दोहरे हत्याकांड में वांटेड है। उसके पिता सत्येन्द्र पांडेय जेल में बंद है।इसकी जानकारी भोजपुर एसपी संजय कुमार सिंह ने शनिवार की शाम आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि आरा सदर अनुमंडल अन्तर्गत अवैध बालू खनन से जुड़े करीब 55 बालू माफियों के घर पर प्रभावी कार्रवाई व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई। लेकिन, अधिकांश फरार मिले। 
भोजपुर एसपी ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कोईलवर के पचरूखिया कला गांव निवासी बालू माफिया सत्येन्द्र पांडेय गिरोह से जुड़े सदस्यों के घर पर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने के लिए अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अंकित पांडेय पिता सत्येन्द्र पांडेय के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखा 19 लाख  43 हजार 60 रुपये नकद,  25 कारतूस , सोने की दो अंगुठी व सोने की दो सिकड़ी बरामद की गई। हालांकि, अंकित पांडेय पुलिस के हाथ नहीं लगा।