आरा। भोजपुर जिले के पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव में मंगलवार की शाम भैंस बांधने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हुई। जिसमें फायरिंग के दौरान गोली लगने से दादी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मारपीट में उनका पोता भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतका को तीन गोली मारी गई है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु,पवना थाना इंचार्ज रितेश दुबे सहित कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद भोजपुर एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु ने मृतका के परिजनों से मिल घटना की पूरी जानकारी ली। जिसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।
 जानकारी के अनुसार मृतका पवना थाना क्षेत्र के पवार गांव वार्ड नंबर 9 निवासी स्व.कईल पासवान की 70 वर्षीया पत्नी शारदा कुंवर है। जबकि जख्मी उसी गांव के निवासी लालमोहन पासवान का 18 वर्षीय पुत्र एवं मृतका का पोता राकेश कुमार शामिल है। इधर मृतका का जख्मी पोता राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार की शाम उसने रास्ते के किनारे अपने भैंस को बांधा था। तभी गांव के ही भीम यादव वहां आया और उसके भैंस को करीबन दस लाठी मार दिया। 
जब उसने इसका विरोध किया तो भीम यादव ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। उसी बीच भीम यादव उसके घर पर पहुंच गया और उसके दादी शारदा कुंवर की गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।